जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: झारखंड-ओडिशा से आ रहे 238 क्विंटल अवैध धान सहित तीन वाहन जब्त, कीमत करीब पांच लाख पचास हजार.....


जशपुर, 05 दिसंबर 2025
छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती जिले जशपुर में पुलिस ने पड़ोसी राज्यों झारखंड और ओडिशा से अवैध रूप से धान ला रहे कोचियों पर फिर कड़ा शिकंजा कसा है। बीते 4 दिसंबर 2025 की रात एवं देर रात तक चली विशेष पैट्रोलिंग और मुखबिर सूचना पर तीन अलग-अलग जगहों पर कार्रवाई कर दो ट्रक और एक पिकअप वाहन से कुल 520 बोरी में 238 क्विंटल धान जप्त किया गया। जब्त धान की अनुमानित बाजारकीय कीमत करीब 5 लाख 1 हजार 400 रुपए आंकी गई है।
तीन अलग-अलग स्थानों पर एक साथ कार्रवाई
1. सिटी कोतवाली क्षेत्र (बरटोली के पास)
ट्रक नंबर JH 07 L 4320 को रोका गया। वाहन में 200 बोरी (लगभग 100 क्विंटल) धान लदा था। ड्राइवर सुखदेव चौहान (उम्र 35 वर्ष), निवासी जोरातराई, थाना कुनकुरी ने बताया कि वह धान बरटोली से कुनकुरी ले जा रहा है, लेकिन कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
2. थाना कुनकुरी क्षेत्र
ट्रक नंबर CG 14 MR 6997 को पकड़ा गया। इसमें 250 बोरी (100 क्विंटल) धान भरा था। ड्राइवर जमीर अंसारी (उम्र 21 वर्ष), निवासी लोहरदगा (झारखंड) ने दावा किया कि वह जशपुर से धान ला रहा है, लेकिन पुलिस को स्पष्ट संदेह है कि धान झारखंड से लाया जा रहा था। वैध कागजात नहीं होने पर वाहन व धान जप्त कर लिया गया।
3. चौकी कोल्हेनझरिया क्षेत्र
ओडिशा की ओर से ग्रामीण रास्तों का इस्तेमाल कर छत्तीसगढ़ में घुस रहे पिकअप वाहन नंबर CG 13 AF 1379 को रोका गया। इसमें 70 बोरी (38 क्विंटल) धान लदा था। इसे भी जब्त कर लिया गया।
तीनों मामलों में धान एवं वाहनों को विधिवत जप्त कर आगे की कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन (खाद्य विभाग एवं जिला विपणन संघ) को सौंप दिया गया है।
पिछले कुछ दिनों में 800 क्विंटल से ज्यादा धान जब्त
पुलिस ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में सरहदी क्षेत्रों से अवैध धान परिवहन करने वाले वाहनों से कुल 800 क्विंटल से अधिक धान जप्त किया जा चुका है। अकेले 4-5 दिसंबर की इस कार्रवाई में 238 क्विंटल धान पकड़ा गया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का बयान
जशपुर के पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह (IPS) ने कहा,
“जशपुर जिला झारखंड और ओडिशा से सटा होने के कारण अवैध धान कोचियों का प्रमुख रास्ता बना हुआ है। हमारी टीम लगातार सरहदों पर निगरानी रख रही है। चाहे रात हो या दिन, जैसे ही कोई सूचना मिलती है तुरंत कार्रवाई की जाती है। यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। कोई भी व्यक्ति बिना वैध दस्तावेज के दूसरे राज्य से धान नहीं ला सकेगा।”
क्यों हो रहा है अवैध धान परिवहन?
छत्तीसगढ़ सरकार न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर धान खरीदी करती है, जो पड़ोसी राज्यों झारखंड और ओडिशा से काफी ज्यादा है। इस अंतर का फायदा उठाकर कोचिए सस्ते में बाहर से धान खरीदकर छत्तीसगढ़ में लाते हैं और यहां के राशन कार्ड धारकों या मिलर्स के नाम पर बेच देते हैं। इससे राज्य सरकार को करोड़ों रुपए का नुकसान होता है और वास्तविक किसानों का हक मार जाता है।
जशपुर पुलिस की इस सतत मुहिम से अवैध धान कोचियों में हड़कंप मचा हुआ है। आने वाले दिनों में और सख्ती की संभावना जताई जा रही है।




