महादेवटिकरा में खत्म हुई लो वोल्टेज की समस्या, नया ट्रांसफॉर्मर लगने से ग्रामीणों को राहत

पत्थलगांव (जशपुर)। पत्थलगांव शहर मंडल अंतर्गत ग्राम महादेवटिकरा में लंबे समय से चली आ रही लो वोल्टेज की समस्या आखिरकार दूर हो गई है। भाजपा मंडल अध्यक्ष अंकित बंसल के प्रयासों से गांव में नया ट्रांसफॉर्मर स्थापित किया गया, जिसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
जानकारी के अनुसार महादेवटिकरा में पिछले काफी समय से बिजली का लोड बढ़ जाने के कारण कम क्षमता वाले ट्रांसफॉर्मर पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा था। इससे क्षेत्र में लगातार लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई थी। ग्रामीणों को घरेलू कार्यों के साथ-साथ खेती और अन्य दैनिक जरूरतों में भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। कई बार शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा था।
इसी बीच ग्रामीणों ने भाजपा मंडल अध्यक्ष अंकित बंसल से मुलाकात कर समस्या से अवगत कराया। ग्रामीणों की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए अंकित बंसल ने तत्काल विद्युत विभाग के अधिकारियों से चर्चा की और जल्द समाधान की मांग रखी। इसके बाद विभाग द्वारा गांव में नया ट्रांसफॉर्मर लगाया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि पुराने ट्रांसफॉर्मर की क्षमता कम होने के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित रहती थी। विशेषकर शाम के समय वोल्टेज इतना कम हो जाता था कि पंखे, मोटर और अन्य विद्युत उपकरण ठीक से काम नहीं कर पाते थे। नया ट्रांसफॉर्मर लगने के बाद अब बिजली व्यवस्था में सुधार दिखाई देने लगा है।
महादेवटिकरा निवासी संपत भारद्वाज ने बताया कि गांव में लंबे समय से लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई थी और ग्रामीण लगातार नए ट्रांसफॉर्मर की मांग कर रहे थे। उन्होंने कहा कि समस्या की जानकारी अंकित बंसल को दी गई, जिसके बाद उन्होंने विद्युत विभाग से समन्वय कर त्वरित कार्रवाई करवाई। अब गांव के लोगों को बिजली की समस्या से काफी राहत मिली है।
नया ट्रांसफॉर्मर स्थापित होने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। गांववासियों ने भाजपा मंडल अध्यक्ष अंकित बंसल और विद्युत विभाग के अधिकारियों का आभार जताते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में बिजली व्यवस्था और बेहतर होगी तथा लोगों को अब लो वोल्टेज की समस्या से जूझना नहीं पड़ेगा।




