Breaking News

जशपुर जिले के पत्थलगांव में गर्माया राजनीतिक माहौल, भाजपा और उसके कार्यकर्ताओं के खिलाफ शोशल मीडिया पर अपमानजनक टिप्पणी मामले में उठी कार्रवाई की मांग…..

 

जशपुर (पत्थलगांव)// पत्थलगांव में सोशल मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर राजनीतिक माहौल गर्मा गया है। भारतीय जनता पार्टी शहर मंडल पत्थलगांव ने एक फेसबुक यूजर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग करते हुए थाना प्रभारी के माध्यम से पुलिस अधीक्षक जशपुर के नाम ज्ञापन सौंपा है। भाजपा पदाधिकारियों का आरोप है कि फेसबुक पर पार्टी और उसके कार्यकर्ताओं के खिलाफ अभद्र एवं अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया गया, जिससे कार्यकर्ताओं की भावनाएं आहत हुई हैं।
पत्थलगांव शहर में सोशल मीडिया पर की गई एक टिप्पणी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। जानकारी के अनुसार 16 जून 2026 को नवनीत तिवारी नामक युवक ने नगर पालिका क्षेत्र के पुरानी बस्ती स्थित रानीगंज तालाब में कथित भ्रष्टाचार से संबंधित एक वीडियो फेसबुक पर पोस्ट किया था।

बताया जा रहा है कि इस वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए फेसबुक यूजर सुरेश गुप्ता पत्थलगांव द्वारा भारतीय जनता पार्टी और उसके कार्यकर्ताओं के खिलाफ अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी की गई। इसी टिप्पणी को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है, और सुरेश गुप्ता के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

मंडल अध्यक्ष अंकित बंसल ने जताई नाराजगी

“सोशल मीडिया पर भाजपा और हमारे कार्यकर्ताओं के खिलाफ जिस प्रकार की अशोभनीय और अपमानजनक भाषा का उपयोग किया गया है, वह स्वीकार्य नहीं है। हमने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।”

भाजपा शहर मंडल पत्थलगांव के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने इस मामले को गंभीर बताते हुए थाना प्रभारी के माध्यम से पुलिस अधीक्षक जशपुर के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है।

सामाजिक सौहार्द के खिलाफ

भाजपा नेता हरजीत सिंह भाटिया का कहना है कि किसी भी राजनीतिक दल या उसके कार्यकर्ताओं के खिलाफ सोशल मीडिया पर अश्लील और अपमानजनक भाषा का प्रयोग सामाजिक सौहार्द और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विपरीत है। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई होना आवश्यक है ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

ज्ञापन सौंपने के दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष अंकित बंसल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इनमें सुनील अग्रवाल, हरजीत सिंह भाटिया, अजय बंसल, संजय लोहिया, अवधेश गुप्ता, प्रवीण गर्ग, नरेश यादव, कमलेश यादव, हिमांशु शर्मा, जीतू अग्रवाल, धर्मपाल नारंगे, रेवा धीवर, सुनील गर्ग, भुनेश्वरी बेहरा, उर्मिला पटेल, पार्षद ममता यादव, रामकिशन यादव और सुदर्शन सिंह समेत अन्य कार्यकर्ता शामिल थे।

फिलहाल भाजपा की शिकायत के बाद पुलिस प्रशासन के समक्ष मामला पहुंच गया है। अब यह देखना होगा कि जांच के बाद पुलिस क्या कार्रवाई करती है और शिकायत में लगाए गए आरोपों पर क्या निष्कर्ष सामने आते हैं।

Related Articles

Back to top button