Breaking News

अंबिकापुर की बदहाल सड़क का वीडियो वायरल होने पर CM साय ने लिया संज्ञान, कलेक्टर को तत्काल सुधार के निर्देश

अंबिकापुर की बदहाल सड़क का वीडियो वायरल होने पर CM साय ने लिया संज्ञान, कलेक्टर को तत्काल सुधार के निर्देश

खरसिया चौक की सड़क पर बड़े गड्ढों और जलभराव से परेशान थे लोग, मुख्यमंत्री ने कलेक्टर अजीत वसंत से फोन पर ली जानकारी

रायपुर/अंबिकापुर, 14 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ में मानसून के दौरान निर्माणाधीन और क्षतिग्रस्त सड़कों के कारण आम लोगों को हो रही परेशानी को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गंभीरता से लिया है। अंबिकापुर शहर के खरसिया चौक की बदहाल सड़क का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री ने तत्काल मामले का संज्ञान लेते हुए सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत से दूरभाष पर चर्चा की और सड़क की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने कलेक्टर को तत्काल मौके का निरीक्षण कर सड़क में आवश्यक सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बारिश के दौरान निर्माणाधीन अथवा क्षतिग्रस्त सड़कों के कारण आम नागरिकों को आवागमन में अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।

खरसिया चौक की सड़क तत्काल सुधारने के निर्देश

अंबिकापुर के खरसिया चौक की सड़क पर बारिश के कारण जगह-जगह बड़े गड्ढे और जलभराव की स्थिति सामने आई थी। इस वजह से वाहन चालकों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सड़क की खराब स्थिति का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री साय ने इसे गंभीरता से लेते हुए सरगुजा कलेक्टर से बात की।

मुख्यमंत्री ने सड़क के बड़े गड्ढों को तत्काल भरने, आवश्यक समतलीकरण कराने और जल निकासी की व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि जिन स्थानों पर यातायात का दबाव अधिक है, वहां पुलिस एवं यातायात विभाग के साथ समन्वय कर सुरक्षित और निर्बाध यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

सभी कलेक्टरों को सड़क व्यवस्था की निगरानी के निर्देश

मुख्यमंत्री श्री साय ने केवल अंबिकापुर तक सीमित न रहते हुए प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने जिलों में निर्माणाधीन सड़कों की स्थिति की नियमित निगरानी करें। आवश्यकता पड़ने पर कलेक्टर स्वयं मौके पर जाकर सड़कों की स्थिति का निरीक्षण करें और संबंधित विभागों तथा निर्माण एजेंसियों के साथ समन्वय कर आवश्यक सुधार कार्य तत्काल कराएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मानसून के दौरान सड़क सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। सड़क क्षतिग्रस्त होने, निर्माण कार्य चलने, पुल-पुलिया के आसपास कटाव, जलभराव या किसी अन्य कारण से यदि आवागमन प्रभावित होता है अथवा दुर्घटना की आशंका रहती है, तो वहां तत्काल सुरक्षात्मक उपाय किए जाएं।

चेतावनी संकेतक और बैरिकेडिंग लगाने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि आवश्यकता के अनुसार खराब और निर्माणाधीन सड़कों पर चेतावनी संकेतक, बैरिकेडिंग तथा सुरक्षित वैकल्पिक यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए। इसका उद्देश्य सड़क निर्माण या क्षति के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकना और नागरिकों के लिए सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करना है।

उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान सड़क निर्माण का स्थायी कार्य मौसम के कारण प्रभावित हो सकता है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि सड़क को पूरी तरह आवागमन के लिए अनुपयोगी छोड़ दिया जाए। ऐसे स्थानों पर गड्ढे भरने, समतलीकरण, जल निकासी और अन्य जरूरी अंतरिम सुधार कार्य प्राथमिकता से किए जाने चाहिए।

सड़क चाहे किसी भी विभाग की हो, समाधान की जिम्मेदारी प्रशासन की

मुख्यमंत्री श्री साय ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि सड़क राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, नगरीय निकाय अथवा किसी अन्य निर्माण एजेंसी के अंतर्गत आती हो, जिला प्रशासन को संबंधित विभाग के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित कर समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना होगा।

उन्होंने कलेक्टरों से कहा कि अपने जिले की प्रमुख और अधिक यातायात दबाव वाली सड़कों के साथ-साथ निर्माणाधीन मार्गों को चिन्हांकित किया जाए। इन सड़कों की स्थिति की नियमित समीक्षा की जाए और जहां आवश्यक हो, वहां तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की जाए।

मानसून खत्म होते ही निर्माण कार्यों में लाई जाए तेजी

मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि वर्षा ऋतु समाप्त होते ही निर्माणाधीन एवं स्वीकृत सड़क परियोजनाओं के कार्यों में तेजी लाई जाए। संबंधित निर्माण एजेंसियों के साथ कार्ययोजना तैयार कर सड़क निर्माण और स्थायी मरम्मत के कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए।

उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण कार्य लंबे समय तक चलने से आम लोगों को परेशानी होती है। इसलिए निर्माण कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि सड़क निर्माण तथा मरम्मत के कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे हों।

नागरिकों की सुविधा और सड़क सुरक्षा पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री साय ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सड़कें केवल विकास का माध्यम नहीं बल्कि आम नागरिकों की दैनिक जरूरत से सीधे जुड़ी हुई हैं। इसलिए निर्माणाधीन सड़कों के कारण नागरिकों को लंबे समय तक परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए जिला प्रशासन और संबंधित निर्माण एजेंसियों को सक्रियता से काम करना होगा।

अंबिकापुर के खरसिया चौक की सड़क के वायरल वीडियो पर मुख्यमंत्री द्वारा तत्काल संज्ञान लिए जाने के बाद अब जिला प्रशासन द्वारा सड़क का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कार्य कराने की दिशा में कार्रवाई की जा रही है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर के कलेक्टरों को भी सड़क व्यवस्था की नियमित निगरानी कर मानसून के दौरान सड़कों को आवागमन योग्य बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।

Related Articles

Back to top button