संसदीय संकुल विकास परियोजना पर नई दिल्ली में अहम बैठक, पत्थलगांव विधायक गोमती साय ने बैठक में रखे क्षेत्रीय विकास के मुद्दे…

संसदीय संकुल विकास परियोजना पर नई दिल्ली में अहम बैठक, पत्थलगांव विधायक गोमती साय ने बैठक में रखे क्षेत्रीय विकास के मुद्दे…

नई दिल्ली। संसदीय संकुल विकास परियोजना के प्रभावी क्रियान्वयन और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से नई दिल्ली स्थित विस्तार भवन में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पत्थलगांव विधायक एवं सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष श्रीमती गोमती साय ने सहभागिता करते हुए क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर अपने सुझाव रखे।
बैठक में केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री दुर्गादास उइके, महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर, भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष, राष्ट्रीय संगठक वी. सतीश, संसदीय संकुल विकास परियोजना के समन्वयक प्रसाद इंडप सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान संसदीय संकुल विकास परियोजना के प्रभावी संचालन, केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के बेहतर समन्वय, विकास कार्यों में तेजी लाने तथा समाज के अंतिम छोर तक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने पर विस्तृत चर्चा हुई। साथ ही विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बढ़ाकर विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर विधायक गोमती साय ने अपने विधानसभा क्षेत्र की विकास संबंधी आवश्यकताओं, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से रखा। उन्होंने कहा कि संसदीय संकुल विकास परियोजना के माध्यम से क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित होने से योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सकेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए आवश्यक है कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन हो और उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इसी उद्देश्य को लेकर केंद्र और राज्य सरकार समन्वित रूप से कार्य कर रही हैं।
गोमती साय ने कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र की जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाना है। उन्होंने भरोसा जताया कि संसदीय संकुल विकास परियोजना के माध्यम से सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, जनजातीय विकास तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को और अधिक गति मिलेगी। साथ ही पात्र हितग्राहियों तक विभिन्न योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से पहुंचाने के लिए सभी स्तरों पर बेहतर समन्वय के साथ कार्य किया जाएगा।
बैठक में इस बात पर भी विशेष बल दिया गया कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक तंत्र के बीच समन्वय को मजबूत कर विकास योजनाओं के क्रियान्वयन की नियमित समीक्षा की जाए, ताकि योजनाओं का वास्तविक लाभ आम नागरिकों तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके। उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों के अनुभव साझा करते हुए विकास कार्यों को और अधिक परिणाममुखी बनाने के सुझाव दिए।



