सियान गुड़ी बना वरिष्ठ नागरिकों के लिए संपूर्ण सेवा केंद्र, एक ही छत के नीचे मिल रही बहुआयामी सुविधाएं…..
सियान गुड़ी बना वरिष्ठ नागरिकों के लिए संपूर्ण सेवा केंद्र, एक ही छत के नीचे मिल रही बहुआयामी सुविधाएं.....


जशपुरनगर, 24 अप्रैल 2026। जशपुर जिले के भागलपुर रोड स्थित डे-केयर सेंटर “सियान गुड़ी” वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक आदर्श सेवा केंद्र के रूप में तेजी से स्थापित हो रहा है। यह केंद्र न केवल बुजुर्गों के लिए दिनभर की गतिविधियों का केंद्र बन गया है, बल्कि उनके शारीरिक, मानसिक और सामाजिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
इस आधुनिक डे-केयर सेंटर का शुभारंभ 17 अप्रैल 2026 को मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा किया गया था। उद्घाटन के बाद से ही यहां वरिष्ठ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी लगातार बढ़ रही है। प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित इस केंद्र में बुजुर्गों के लिए मनोरंजन, पुस्तकालय, स्वल्पाहार, नियमित स्वास्थ्य जांच और फिजियोथैरेपी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
स्वास्थ्य और मानसिक संतुलन पर विशेष फोकस
सियान गुड़ी में आने वाले वरिष्ठ नागरिकों को न केवल शारीरिक रूप से सक्रिय बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है, बल्कि उनके मानसिक स्वास्थ्य को भी प्राथमिकता दी जा रही है। 23 अप्रैल को आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में ब्रह्मकुमारी संस्थान की दीदियों द्वारा राजयोग मेडिटेशन और आध्यात्मिक सत्र आयोजित किया गया। इस सत्र में शामिल बुजुर्गों ने मानसिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा और आत्मिक संतुलन का अनुभव किया।
फिजियोथैरेपी और मनोरंजन गतिविधियों से बढ़ रही सक्रियता
कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों की फिजियोथैरेपी कराई गई, जिससे उन्हें शारीरिक समस्याओं में राहत मिली। इसके साथ ही विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों में उनकी सहभागिता सुनिश्चित की गई, जिससे उनमें उत्साह और सामाजिक जुड़ाव की भावना मजबूत हुई। कार्यक्रम के अंत में सभी को भोजन कराकर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
ज्ञान और संवाद का भी बन रहा केंद्र
सियान गुड़ी में उपलब्ध पुस्तकालय सुविधा वरिष्ठ नागरिकों को ज्ञानवर्धन का अवसर प्रदान कर रही है। यहां वे न केवल पढ़ने-लिखने की गतिविधियों में हिस्सा ले रहे हैं, बल्कि आपसी संवाद और अनुभव साझा कर अपने सामाजिक दायरे को भी मजबूत बना रहे हैं।
प्रशासन की अपील—अधिक से अधिक करें पंजीयन
जिला प्रशासन ने जिले के 60 वर्ष से अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों से अपील की है कि वे सियान गुड़ी में पंजीयन कराकर इस सुविधा का अधिकतम लाभ उठाएं। पंजीयन के लिए श्री प्रभाकर द्विवेदी (मो. 7389206101) एवं श्री अनूप सिंह (मो. 9399630817) से संपर्क किया जा सकता है।
सम्मानजनक और सक्रिय जीवन की दिशा में पहल
सियान गुड़ी केवल एक डे-केयर सेंटर नहीं, बल्कि वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक ऐसा सशक्त मंच बनकर उभर रहा है, जहां उन्हें सम्मान, देखभाल और सक्रिय जीवन जीने का अवसर मिल रहा है। यह पहल न केवल सामाजिक जिम्मेदारी का उदाहरण है, बल्कि बुजुर्गों के जीवन को बेहतर बनाने की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम भी है।


