मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का बगिया आगमन पर भव्य एवं आत्मीय स्वागत…..


जशपुरनगर, 26 मार्च 2026।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज अपने गृह ग्राम बगिया पहुंचे, जहां उनके आगमन पर स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने गर्मजोशी के साथ आत्मीय स्वागत किया। बगिया हेलीपैड पर आयोजित स्वागत कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति ने माहौल को उत्सवमय बना दिया।
मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर के उतरते ही मौजूद लोगों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों में कलेक्टर श्री रोहित व्यास, पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्री लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक कुमार तथा वनमंडलाधिकारी (डीएफओ) श्री शशिकुमार सहित अन्य अधिकारियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने उपस्थित जनसमुदाय का अभिवादन स्वीकार करते हुए सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अपने गृह क्षेत्र में आकर उन्हें विशेष आत्मीयता का अनुभव होता है और क्षेत्र के विकास के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रतिबद्ध है। आपको बता दें कि सीएम साय गृह ग्राम बगिया में अपने आवास पर 4 दिवसीय रामनवमी महायज्ञ में शामिल होने पहुंचे हैं जो कि चैत्र नवरात्र के अवसर पर प्रत्येक साल आयोजित किया जाता है। इस कार्यक्रम में प्रदेश भर से लोग जुटते हैं और कार्यक्रम में शामिल होते हैं। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। और प्रशासनिक अमला पूरी तरह मुस्तैद है। ग्रामीणों में मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर खासा उत्साह देखा गया, वहीं कई लोग उनसे मुलाकात कर अपनी समस्याएं और सुझाव साझा करने के लिए भी पहुंचे। मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है और आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी लोगों में विशेष उत्सुकता देखी जा रही है।




