मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार जशपुर-सन्ना मार्ग के मजबूतीकरण के लिए 8 करोड़ रुपए की मिली स्वीकृति, वनांचल क्षेत्र में सड़क विकास से आवागमन, व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मिलेगा बड़ा संबल…..
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार जशपुर-सन्ना मार्ग के मजबूतीकरण के लिए 8 करोड़ रुपए की मिली स्वीकृति, वनांचल क्षेत्र में सड़क विकास से आवागमन, व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मिलेगा बड़ा संबल.....


जशपुरनगर 26 मार्च 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार जिले में आधारभूत संरचना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जशपुर-सन्ना मार्ग के विभिन्न हिस्सों के मजबूतीकरण कार्य को प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इस महत्वपूर्ण सड़क निर्माण से विशेष रूप से वनांचल क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को व्यापक लाभ मिलेगा।
राज्य शासन द्वारा वर्ष 2025-26 के बजट में शामिल इस कार्य हेतु जशपुर-सन्ना मार्ग के किमी. 32/10, 33/2, 33/6-10, 34/2-4-6 एवं 41/10 से 52/10 तक कुल 12.498 किलोमीटर लंबाई के सड़क खंड के सुदृढ़ीकरण के लिए 8 करोड़ 4 लाख 40 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
ग्रामीणों को मिलेगा सीधा लाभ
इस सड़क के मजबूत होने से दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों को वर्षभर सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। बरसात के मौसम में जहां पहले आवागमन बाधित होता था, अब वहां निरंतर संपर्क बना रहेगा। इससे ग्रामीणों को दैनिक जीवन में आने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी। सड़क की बेहतर स्थिति से किसानों को अपनी उपज को समय पर बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी। परिवहन लागत कम होगी और फसल खराब होने की संभावना भी घटेगी। इससे किसानों को बेहतर दाम मिलने के साथ उनकी आय में वृद्धि होगी। साथ ही स्थानीय व्यापार और छोटे व्यवसायों को भी गति मिलेगी।
शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक आसान पहुंच
इस मार्ग के सुदृढ़ीकरण से विद्यार्थियों को स्कूल और कॉलेज पहुंचने में सुविधा होगी, जिससे शिक्षा में निरंतरता बनी रहेगी। वहीं, आपातकालीन स्थितियों में मरीजों को अस्पताल तक समय पर पहुंचाना आसान होगा, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ तेजी से मिल सकेगा। निर्माण कार्य के दौरान स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे। साथ ही सड़क बनने के बाद परिवहन और अन्य सेवाओं से जुड़े रोजगार भी बढ़ेंगे। यह परियोजना क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को नई गति प्रदान करेगी। यह सड़क केवल आवागमन का माध्यम नहीं, बल्कि विकास की एक मजबूत कड़ी साबित होगी। इससे वनांचल क्षेत्रों का शहरी क्षेत्रों से बेहतर संपर्क स्थापित होगा, जिससे शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ भी तेजी से अंतिम छोर तक पहुंच सकेगा। इस प्रकार जशपुर-सन्ना मार्ग का सुदृढ़ीकरण कार्य क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास में मील का पत्थर साबित होगा।




