Breaking News

सरस्वती शिशु मंदिर के नवनिर्मित भवन का भव्य उद्घाटन, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय रहे मुख्य अतिथि…..

जशपुरनगर। जिले के पत्थलगांव विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सुरेशपुर गांव में सरस्वती शिशु मंदिर के नवनिर्मित भवन के उद्घाटन एवं झूला रथ समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय मुख्य अतिथि के रूप में पधारे।

मुख्य अतिथि सालिक साय ने नवनिर्मित भवन का औपचारिक उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने शिक्षा, संस्कार और संस्कृति के क्षेत्र में सरस्वती शिशु मंदिर की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शिक्षण संस्थान न केवल बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करते हैं, बल्कि उन्हें भारतीय संस्कृति, नैतिक संस्कार और राष्ट्रभक्ति से भी जोड़ने का सराहनीय कार्य करते हैं। शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक मूल्यों का संरक्षण और संवर्धन वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है, और सरस्वती शिशु मंदिर इस दिशा में उल्लेखनीय योगदान दे रहा है।

समारोह में मंडल अध्यक्ष हेमंत बंजारा, प्रदीप गुप्ता, नारायण यादव, चमर साय, धरनीधर सिदार, दुबराज सिंह, सुखदेव सिदार, चांडक्य डांसेना, देव साय तिग्गा, अमर गुप्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, समस्त शिक्षकगण और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण जन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में झूला रथ यात्रा भी निकाली गई, जिसमें बच्चों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समारोह के दौरान बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिससे पूरा माहौल भक्ति और उत्साह से सराबोर रहा।
सरस्वती शिशु मंदिर का यह नवनिर्मित भवन स्थानीय बच्चों को बेहतर शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रसार के लिए ऐसे प्रयासों की सराहना की जा रही है।

Related Articles

Back to top button