जशपुर जिले के कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र में 77.23 करोड़ रुपए के 75 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नारायणपुर में आयोजित किसान महतारी सम्मेलन में किया विभिन्न विकासकार्यों का शुभारंभ…..


जशपुरनगर, 27 नवंबर 2025
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज जशपुर जिले के कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र के नारायणपुर में आयोजित भव्य किसान महतारी सम्मेलन के दौरान क्षेत्र के विकास को नई गति प्रदान करते हुए कुल 77 करोड़ 23 लाख 24 हजार रुपए की लागत से 75 निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इनमें 16 करोड़ 84 लाख 51 हजार रुपए की लागत से निर्मित 8 कार्यों का लोकार्पण तथा 60 करोड़ 38 लाख 73 हजार रुपए की लागत से प्रस्तावित 67 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।
60.38 करोड़ के 67 कार्यों का भूमिपूजन
मुख्यमंत्री ने जिन प्रमुख मार्गों एवं संरचनाओं का भूमिपूजन किया, उनमें दुलदुला विकासखंड के अंतर्गत निम्नलिखित सड़कें एवं पहुंच मार्ग शामिल हैंः
– जामपानी से बरपानी मार्ग – 3.21 करोड़
– लोरोदफा से गढ़ारामबंध होते हुए जामपानी तक मार्ग – 5.48 करोड़
– मकरीबंधा से भलमंडा (झारखंड पहुंच मार्ग) – 3.46 करोड़
– छेरडांड से टुकुटोली पहुंच मार्ग – 5.48 करोड़
– ठुठीअम्बा से कादोपानी (झारखंड पहुंच मार्ग) – 5.95 करोड़
– पोटकोसेमर साजापानी, केंदपानी से कर्राडांड दुलदुला पहुंच मार्ग – 5.83 करोड़
इनके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पुल-पुलिया, पेयजल, विद्युतीकरण एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े दर्जनों छोटे-बड़े कार्य भी शामिल हैं, जो क्षेत्र की कनेक्टिविटी को मजबूत करेंगे तथा सीमावर्ती झारखंड राज्य से आवागमन को सुगम बनाएंगे।
16.84 करोड़ के 8 कार्यों का लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने जिन पूर्ण हो चुके कार्यों का लोकार्पण किया, उनमें प्रमुख हैंः
– केराडीह-खुटगांव मार्ग पर बलियाजोरा नाला पर उच्चस्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग (लागत 6.12 करोड़)
– मकरिबंधा से दुलदुला मार्ग पर श्री नदी में उच्चस्तरीय पुल (लागत 3.08 करोड़)
– विकासखंड मनोरा के ग्राम सोनक्यारी में 33/11 केवी, 3.15 एमवीए क्षमता का उपकेंद्र (लागत 3.87 करोड़)
– पत्थलगांव ब्लॉक के ग्राम महेशपुर में 33/11 केवी, 3.15 एमवीए क्षमता का उपकेंद्र (लागत 3.38 करोड़)
इन पुलों एवं विद्युत उपकेंद्रों के बनने से क्षेत्र में यातायात सुगम हुआ है तथा हजारों घरों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हुई है।
कार्यक्रम में प्रदेश के वित्त एवं वाणिज्यिक कर मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी, कुनकुरी क्षेत्र की विधायिका श्रीमती गोमती साय, श्रीमती रायमुनी भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय, श्री प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविंद भगत, उपाध्यक्ष श्री शौर्य प्रताप सिंह जूदेव एवं श्री यश प्रताप सिंह जूदेव, श्री कृष्ण कुमार राय, श्री विजय आदित्य प्रताप सिंह जूदेव, सुनील गुप्ता, मुकेश शर्मा, मनीष अग्रवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशिमोहन सिंह, जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक कुमार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि मोदी जी की गारंटी एवं डबल इंजन सरकार की प्रतिबद्धता के कारण छत्तीसगढ़ के गांव-गांव तक विकास पहुंच रहा है। कुनकुरी जैसे आदिवासी बहुल क्षेत्र में सड़क, बिजली एवं पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने को सरकार प्राथमिकता दे रही है।
इस आयोजन ने कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र के लोगों में विकास के प्रति नई उम्मीद जगाई है तथा आने वाले दिनों में क्षेत्र की तस्वीर बदलने का विश्वास दिलाया है।



